
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मुरमुदा में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पहले ही 614 पाव अवैध शराब, जिसकी कुल मात्रा 110.52 लीटर और कीमत करीब 66,630 रुपये है, बरामद की थी। आरोपी कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने 21 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुरमुदा निवासी खेमलाल कदम उर्फ गुड्डू (40 वर्ष) अपने घर के पास स्थित एक पुराने खंडहर मकान में भारी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खंडहर मकान की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में खंडहर मकान की तलाशी ली, जहां प्लास्टिक की बोरियों में अलग-अलग ब्रांड की 614 पाव शराब बरामद हुई। जब्त शराब में 385 पाव गोवा स्पेशल अंग्रेजी शराब, 154 पाव शोले देशी प्लेन, 30 पाव सुपर 36 देशी प्लेन, 13 पाव शेरा देशी प्लेन, 13 पाव मैकडॉवेल नंबर-1, 15 पाव सिंडिकेट अंग्रेजी शराब और 4 पाव देशी मसाला शराब शामिल है।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 542/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में फरार आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 21 सितंबर को खेमलाल कदम उर्फ गुड्डू को ग्राम मुरमुदा से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।











































