
राजनांदगांव। डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सोमाझिटिया में किसानों के खेतों से तीन मोटर पंप चोरी के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार ग्राम सोमाझिटिया निवासी नंदलाल देवांगन (64) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 सितंबर की रात से 17 सितंबर की सुबह के बीच उनके तथा यश देवांगन और रुखमन देवांगन के खेतों में लगे तीन मगरमच्छ मोटर पंप अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिए। चोरी गए पंपों की अनुमानित कीमत करीब 38 हजार रुपये बताई गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी देवेंद्र सहारे उर्फ रामलाल चोरी किए गए मोटर पंपों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने ग्राम मोहड़ निवासी तरुण देवांगन और तीन विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर मोटर पंप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी के पंपों को मोटरसाइकिल क्रमांक CG-08-N-7705 से ले जाकर ग्राम मोहड़ तालाब के पास कन्नेर झाड़ के समीप छिपाकर रखना बताया।
पुलिस ने मामले में आरोपी देवेंद्र सहारे उर्फ रामलाल और तरुण देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं तीन विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया और बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, सहायक उप निरीक्षक देवकुमार रावटे, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख और आरक्षक रामचरण साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











































