back to top

राजनांदगांव: गणेश उत्सव की धार्मिक मर्यादा एवं सनातन परंपरा बनाए रखने की अपील – सुनील सेन…

राजनांदगांव। श्री गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर सुनील सेन, जिला मंत्री, भाजपा युवा मोर्चा ने समस्त सनातनी हिंदू समाज एवं गणेश उत्सव समितियों से गणेश उत्सव को धार्मिक आस्था, संस्कार एवं सनातन परंपरा के अनुरूप मनाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा पारंपरिक एवं धार्मिक स्वरूप में ही स्थापित की जाए। किसी भी प्रकार के हास्यास्पद अथवा आपत्तिजनक स्वरूप को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।

सभी गणेश पंडालों में स्पीकर अथवा डीजे पर केवल भगवान श्री गणेश जी एवं अन्य देवी-देवताओं के भजन, आरती तथा देशभक्ति के गीत ही बजाए जाएं। फूहड़, अश्लील एवं धार्मिक आयोजन की गरिमा के विपरीत फिल्मी गाने पूर्णतः वर्जित रहें।

उन्होंने यह भी अपील की कि गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन पितृ पक्ष/श्राद्ध पक्ष प्रारंभ होने से पूर्व ही पूर्ण कर लिया जाए, ताकि आगामी पितृ पक्ष की धार्मिक परंपराओं का भी विधिवत पालन हो सके।

सुनील सेन ने कहा कि यदि किसी पंडाल में धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन करते हुए आपत्तिजनक या अश्लील गाने बजाए जाते हैं अथवा कानून एवं प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन किया जाता है, तो संबंधित प्रशासन एवं पुलिस को इसकी सूचना देकर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव भक्ति, संस्कार, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति के जागरण का पर्व बने—यही हम सभी का संकल्प होना चाहिए। गणपति बप्पा मोरया! जय श्री गणेश!

Advertisements

You cannot copy content of this page