राजनांदगांव: गांजा तस्करी में फरार आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने शहर में अवैध गांजा बिक्री में संलिप्त एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना बसंतपुर क्षेत्र में अवैध गांजा, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Advertisements


इसी अभियान के तहत 12 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी आसिफ खान पिता गुलाम खान, निवासी रानीसागर रोड, शुलभ के पास, थाना बसंतपुर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 1.323 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 13 हजार रुपए आंकी गई, जप्त किया गया था। आरोपी के खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 71/2026 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।


पूछताछ के दौरान आसिफ खान ने बताया कि उसे गांजा बिक्री के लिए खिलेश तुमरेकी उर्फ छोटू लम्बू (29 वर्ष), निवासी रानीसागर, नगर निगम क्वार्टर, थाना बसंतपुर द्वारा उपलब्ध कराया जाता था। इसके बाद से पुलिस आरोपी खिलेश तुमरेकी की तलाश में जुटी थी, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। 22 फरवरी 2026 को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक मनमोहन साहू, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक कुश बघेल, प्रवीण मेश्राम, आशीष मानिकपुरी सहित अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।