
शहरवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
मंदिरो में पूजा-अर्चना कर अन्नकुट प्रसादी का किए वितरण
राजनांदगांव, 10 नवंबर। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने गोवर्धन पूजा पर्व के पावन अवसर पर कन्हारपुरी के कांजी हाउस में विधि-विधान से गोवंश की पूजा-अर्चना कर गौमाता को खिचड़ी खिलाई। साथ ही शहर के मंदिरो में दर्शन कर भरकापारा स्थित प्राचीन मोतीनाथ मंदिर एवं महावीर चैक स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली बनी रहने की कामना करते हुए दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होने मंदिरों में अन्नकुट प्रसादी वितरण किया। गौमाता पूजा के दौरान निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम, पुनर्वास तथा नियोजन विभाग के प्रभारी सदस्य श्री डिलेश्वर साहू, पार्षदगण श्रीमती मोहनी युवराज भारती,श्रीमती रीना ओमप्रकाश सिन्हा एवं श्रीमती चन्द्रिका हिंसाराम साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस पावन अवसर पर महापौर श्री यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा छत्तीसगढ का सबसे बड़ा पारंपरिक त्योहार है। आज के दिन गौमाता की पूजा का बहुत महत्व है, गौमाता की सेवा और संरक्षण हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा का भी अभिन्न अंग है। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, पशुधन और अन्न के महत्व को समझने तथा उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने की प्रेरणा देती है। मंदिरो में पूजा अर्चना के दौरान दीपावली पर्व की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि शहर के लगभग सभी मंदिरो में आज अन्नकुट का भोग लगाकर प्रसादी वितरण किया जाता है। जिससे शहर में एक अलग ही धार्मिक भावना देखने को मिलती है।
आयुक्त श्री मरकाम ने दीपावली की शुभकामनाए देते हुए कहा कि कन्हापुरी काजी हाउस में हर साल उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा पर्व मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कांजी हाउस का जीर्णोद्धार कर उसे मूर्तरूप दिया जायेगा। इसके अलावा निगम द्वारा संचालित सभी काजी हाउसो में गौमाताओ के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था का संचालन रूचारू रूप से करने का प्रयास रहता है। अन्नकुट प्रसादी अवसर पर ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।









































