back to top

राजनांदगांव :शांति नगर पत्नी से मोबाइल पर बातचीत और शक को लेकर की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार…

चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, चंद घंटों में आरोपी को दबोचा; हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे का तवा जब्त

राजनांदगांव। चिखली चौकी क्षेत्र के शांतिनगर में पत्नी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पत्नी के मोबाइल पर अधिक बातचीत करने और उस पर शक करने की बात को लेकर विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और लोहे का तवा भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 की रात्रि शांतिनगर में हत्या की सूचना मिलने पर चिखली चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची। इस दौरान मृतिका के भाई निखिल शेण्डे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन का पति लक्की ठाकुर से विवाद होने के कारण वह डोंगरगढ़ स्थित ससुराल से मायके आ गई थी। इसी दौरान आरोपी कपड़े देने के बहाने चिखली पहुंचा और घर में बहन को अकेला पाकर उस पर लोहे के तवे और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में चिखली चौकी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लक्की ठाकुर उर्फ विक्की को डोंगरगढ़ से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व डोंगरगढ़ बड़े मंदिर में उसकी मृतिका से जान-पहचान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने के बाद उन्होंने वहीं प्रेम विवाह कर साथ रहना शुरू कर दिया था। आरोपी के अनुसार, पत्नी मोबाइल पर अधिक बातचीत करती थी, जिस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के चलते पत्नी मायके आ गई थी।

आरोपी ने बताया कि वह कपड़े देने के बहाने चिखली आया था। पत्नी को घर में अकेला देखकर उसने पहले गला दबाया और फिर चाकू तथा लोहे के तवे से चेहरे, गले और सीने पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद हत्या में प्रयुक्त हथियारों को फेंककर वह ट्रेन से डोंगरगढ़ भाग गया था।

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू और एक लोहे का तवा जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 8 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी: लक्की ठाकुर उर्फ विक्की, पिता खिबीराम ठाकुर, उम्र 20 वर्ष, निवासी बुधवारीपारा, वार्ड क्रमांक 15, डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: चिखली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, सउनि विनोद कुमार वर्मा, सउनि शत्रुहन टंडर, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, आरक्षक सुनील बैरागी, चन्द्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, आदित्य सोलंकी, रंजीत चौरसिया, अमित सोनी, किशोर मार्बल तथा साइबर सेल के मनीष वर्मा, परिवेश और सेहल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।