back to top

राजनांदगांव: गौरीनगर अंडरब्रिज हादसे में जान गॅवाने वाले मृतक के परिवार से मिले महापौर…

दो दिन पहले गौरीनगर अंडरब्रिज में हुए दुखद हादसे में डूबकर जान गंवाने वाले 40 वर्षीय मृतक संतोष सोनवानी के परिजनों के घर पहुंचकर आज महापौर मधुसूदन यादव ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन घड़ी में हर संभव सहयोग एवं मदद का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर महापौर के साथ वार्ड पार्षद संजू बघेल, स्थानीय नेतागण अशोक निर्मलकर, सोनू यादव, दिनेश देवांगन, रघुबीर वाधवा, कबीर साहू, रामलाल गायकवाड़, विनोद गायकवाड़, छोटू राजपूत, महेश देवांगन सहित वार्डवासीगण उपस्थित रहे। ज्ञातव्य है कि मृतक अपनी पत्नी एवं बच्चों के साथ टॉकापारा अंडरब्रिज के पास अलग से घर बनाकर निवासरत् था, जहॉ पहुॅचकर महापौर ने मृतक के परिवार को ढांढस बंधाया।

शोक संतप्त परिवार से वार्तालाप के बाद महापौर मधुसूदन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उचित एवं निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

साथ ही, महापौर ने घटना स्थल का जायजा लेते हुए, अंडरब्रिज में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने एवं आगामी दिसंबर जनवरी माह तक अंडरब्रिज का कार्य पूर्ण कराने के संबंध में रेलवे अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। महापौर ने कहा है कि जनसुरक्षा हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page