back to top

संभाग स्तरीय राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा गाइड 2026 का शुभारंभ, राजनांदगांव को मिली मेजबानी, छह जिलों के 159 गाइड प्रतिभागी ले रहे हिस्सा…

राजनांदगांव। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वावधान में दुर्ग संभाग स्तरीय राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा गाइड 2026 का आयोजन राजनांदगांव की मेजबानी में किया जा रहा है। पांच दिवसीय यह शिविर 30 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक महारानी लक्ष्मीबाई आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला एवं वेसलियन हिंदी माध्यम शाला, राजनांदगांव में आयोजित किया जा रहा है।

Advertisements

शिविर का विधिवत शुभारंभ 30 अगस्त को राज्य उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र गोलछा एवं जिला मुख्य आयुक्त श्री महेश खंडेलवाल के आतिथ्य में स्काउट-गाइड परंपरा के अनुसार किया गया। शिविर संचालक एवं राज्य संगठन आयुक्त गाइड श्रीमती जलवती साहू ने शिविर प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि इसमें बालोद, दुर्ग, राजनांदगांव, कबीरधाम तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई सहित विभिन्न जिलों से कुल 159 गाइड प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।

शिविर के प्रथम दिवस प्रतिभागियों का पंजीयन, प्रवेश पाठ्यक्रम, नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना, झंडा गीत, आधारभूत तत्व, सैल्यूट सिद्धांत एवं आदर्श वाक्य सहित निर्धारित विषयों की परीक्षा ली गई। आगामी दिनों में प्रतिभागियों के स्काउटिंग एवं गाइडिंग कौशल का विभिन्न निर्धारित मापदंडों के आधार पर परीक्षण किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्य उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र गोलछा एवं जिला मुख्य आयुक्त श्री महेश खंडेलवाल ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्काउट-गाइड अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना विकसित करने का माध्यम है। विभिन्न सोपानों को पूरा कर प्रतिभागी इस स्तर तक पहुंचे हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के साथ-साथ स्काउट-गाइड के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

शिविर में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से परीक्षक एवं सहयोगी अधिकारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें श्रीमती जेरमिना एक्का मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, श्रीमती धनमत महंत जांजगीर-चांपा, श्रीमती माधुरी यादव एवं सुश्री लता यादव बिलासपुर, श्रीमती मीना राजवाड़े सूरजपुर तथा श्रीमती आरती सार्वा बलौदाबाजार शामिल हैं। वहीं राजनांदगांव से श्रीमती सरिता साहू सहायक, श्री देवेन्द्र अम्बादे सहायक क्वार्टर मास्टर, श्री नीलकंठ धुर्वे क्वार्टर मास्टर एवं कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

स्थानीय व्यवस्था में जिला संगठन आयुक्त स्काउट श्री मयूख श्रीवास्तव, जिला संगठन आयुक्त गाइड श्रीमती भारती रजक, गाइडर श्रीमती ललिता कोसारे एवं स्काउटर श्री विजय बघेल सहित अन्य पदाधिकारी सहयोग प्रदान कर रहे हैं। शिविर के सफल संचालन में प्राचार्य श्रीमती पूर्णिमा शुक्ला, रमन सर सहित नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है।

यह आयोजन राज्य पुरस्कार की दिशा में गाइड प्रतिभागियों के लिए महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है, जिसमें अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और स्काउटिंग-गाइडिंग के निर्धारित कौशलों का मूल्यांकन किया जा रहा है।

Advertisements

You cannot copy content of this page