back to top

राजनांदगांव: सड़क निर्माण कार्य के दौरान कर्मचारियों से मारपीट और 50 लाख रुपये की वसूली मांगने का आरोप, सुरक्षा के अभाव में निर्माण कार्य बंद…

राजनांदगांव। जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में कन्हैयालाल अग्रवाल कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक, जिला राजनांदगांव को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, कंपनी द्वारा राजनांदगांव-डोंगरगांव चौकी-मोहला-मानपुर मार्ग पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी दौरान 20 नवंबर 2026 को ग्राम कुमर्दा एवं घुपसाल के बीच निर्माण कार्य के दौरान भारत वर्मा नामक व्यक्ति द्वारा कंपनी के कर्मचारियों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज एवं मारपीट की गई।

प्रोजेक्ट मैनेजर का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा पूर्व में भी कार्य को लेकर लगातार गाली-गलौज करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी दी जाती रही है। इतना ही नहीं, कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपये की वसूली की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मांग पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, कंपनी द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य की संबंधित विभाग एवं उच्च अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जाती है तथा गुणवत्ता की जांच के बाद ही कार्य आगे बढ़ाया जाता है। इसके बावजूद बार-बार काम में बाधा उत्पन्न की जा रही है और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

लगातार हो रहे कथित दुर्व्यवहार और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कंपनी ने खैरागढ़ से राजनांदगांव होते हुए मानपुर तक चल रहे निर्माण कार्य को फिलहाल बंद करने का निर्णय लिया है।

प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने तथा कंपनी के कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को भी भेजी गई है।

अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और सड़क निर्माण कार्य कब दोबारा शुरू हो पाता है।