back to top

राजनांदगांव : ग्राम कारूटोला में जल संरक्षण के लिए निकाली गई जल कलश यात्रा…

राजनांदगांव 11 अप्रैल 2025। वनों और पहाडिय़ों की गोद में बसे प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण ग्राम कारूटोला में पद्मश्री फूलबासन यादव के नेतृत्व में जल कलश यात्रा निकाली गई। जल संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश लिए जब जल कलश का कारवां निकला, तब ग्रामवासियों की खुशी दुगुनी हो गई।

 इस दौरान पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत श्री भरत वर्मा एवं उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण साहू विशेष तौर पर जल कलश यात्रा में शामिल हुए। कार्यक्रम में जल संरक्षण के कार्यों में नारी शक्ति की महत्ता को उकेरते हुए पद्मश्री फूलबासन यादव ने ग्रामीण महिलाओं से अधिक से अधिक सोख्ता गड्ढा बनाने का अनुरोध किया। 

उन्होंने सोख्ता गड्ढा बनाने की आसान तकनीक से लोगों को परिचित कराया। उन्होंने वर्षा जल के संचयन की विधि से भी लोगों को अवगत कराया। उन्होंने लोगों से श्रमदान की अपील करते हुए बोरी बंधान और अरदन चेक निर्माण करने की अपील की। उन्होंने बताया कि विभिन्न उद्योगों द्वारा बोरी बंधान में उपयोग के लिए विभिन्न उद्योगों द्वारा बोरियां उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत श्री भरत वर्मा ने ग्रामीणों को जल संरक्षण और जल संचयन के महत्व को बताया। उन्होंने किसानों से धान के फसल के बदले कम पानी की खपत एवं अधिकतम उत्पादन वाली फसले लेने की अपील की। उन्होंने फसल चक्र परिवर्तन के बारे में विस्तार से बताया। श्री भरत वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा है कि जिले में अधिक से अधिक ऐसी संरचनाएं बनाई जाएं, जिससे जल संरक्षण और संचयन किया जा सके और भू-जल स्तर में वृद्धि हो।

 उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण साहू ने कहा कि जिला पंचायत प्रतिनिधि के रूप में वह सदैव ग्रामीणों के साथ हैं और जल संचयन और संग्रहण के सभी प्रस्ताव जिससे भू-जल स्तर में वृद्धि होती हो, उसे वह व्यक्तिगत प्रयास से पूर्ण करने में अपना योगदान देंगी। उन्होंने ग्रामीणों को मनरेगा के अंतर्गत निर्मित किए जा रहे विभिन्न संरचनाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारी, महिला स्वसहायता समूह की सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
Advertisements

You cannot copy content of this page