
राजनांदगांव। चिखली चौकी क्षेत्र के दीनदयाल नगर में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में सुनील वर्मा उर्फ बबलू (29) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार जमीन की खरीदी-बिक्री से मिलने वाले कमीशन की रकम को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने लोहे के सब्बल से हमला कर अर्जुन वाधवानी की हत्या कर दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 सितंबर को चिखली दीनदयाल नगर में हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक अर्जुन वाधवानी का शव आरोपी सुनील वर्मा के किराए के मकान के पीछे बने हॉल में चादर में लिपटा हुआ मिला। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चौकी चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने संदेह के आधार पर सुनील वर्मा उर्फ बबलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और अर्जुन वाधवानी जमीन की खरीदी-बिक्री का काम करते थे। जमीन के सौदे से करीब 6 लाख रुपये कमीशन मिला था, जिसमें आरोपी अपने हिस्से की आधी रकम मृतक से मांग रहा था। आरोपी के अनुसार पिछले करीब 6-7 महीनों से रकम को लेकर टालमटोल चल रही थी।
घटना वाले दिन भी आरोपी के किराए के मकान में कमीशन की रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान आरोपी ने मकान में रखे लोहे के सब्बल से अर्जुन के सिर और माथे पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर मकान के पीछे हॉल में रख दिया और मकान में ताला लगा दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल सब्बल और घटना के समय पहने कपड़ों को गठुला नाला के पास छिपाने के लिए मृतक की कार का उपयोग किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लोहे का सब्बल और मृतक की कार जब्त कर ली है।
पुलिस ने आरोपी सुनील वर्मा उर्फ बबलू, पिता उमाशंकर वर्मा, उम्र 29 वर्ष, निवासी रामनगर वार्ड नंबर 08, हाल चिखली दीनदयाल नगर को गिरफ्तार कर 4 सितंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।











































