
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत राज्य बजट को प्रदेश पंचायत सहसंयोजक एवं राजनांदगांव जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष गीता घासी साहू ने जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुखी बताया है।

श्रीमती साहू ने कहा कि यह बजट प्रदेश के ग्रामीण अंचलों, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के हितों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने, आधारभूत संरचना के विस्तार, सिंचाई सुविधाओं में वृद्धि तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए किए गए प्रावधान अत्यंत सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि बजट में गांवों के समग्र विकास की स्पष्ट रूपरेखा दिखाई देती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति तेज होगी और गांव आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर होंगे।
श्रीमती साहू ने किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं में वृद्धि, महिला स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन तथा युवाओं के लिए रोजगार सृजन के अवसरों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा तथा “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करना है।









































