back to top

राजनांदगांव: जल जीवन मिशन से बदली ग्राम भोथली की तस्वीर…

– घर-घर नल कनेक्शन से जल संकट का हुआ स्थायी समाधान

Advertisements

– स्वच्छ जल ने ग्रामीणों को दी स्वस्थ जीवन

राजनांदगांव 18 फरवरी 2026। जिले के डोंगरगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मरेठानवागाँव के आश्रित ग्राम भोथली में कभी पेयजल की समस्या ग्रामीण जीवन की सबसे बड़ी चुनौती थी। गर्मियों के दिनों में भूजल स्तर नीचे गिर जाने से हैंडपंप से भी पानी प्राप्त नहीं हो पाता था। पानी के लिए लंबी कतारें लगती थीं और ग्रामीणों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था। अस्वच्छ जल के कारण बीमारियों का खतरा भी हमेशा बना रहता था।

जल जीवन मिशन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन ने ग्राम भोथली की स्थिति को पूरी तरह बदल दिया। गांव में सौर ऊर्जा संचालित पम्प की स्थापना कर नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। अब ग्रामीणों को घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से प्रतिदिन स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इससे न केवल जल संकट का स्थायी समाधान हुआ है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।

 जल जीवन मिशन योजना के तहत गुणवत्ता की निगरानी के लिए गांव की पाँच महिलाओं को फील्ड टेस्ट किट से पानी की जाँच का प्रशिक्षण दिया गया है। वे समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं। साथ ही सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए पानी समिति का गठन किया गया है, जो जल आपूर्ति व्यवस्था के रखरखाव की जिम्मेदारी निभा रही है।

स्वच्छ पानी की उपलब्धता से ग्रामीण परिवारों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर पड़ा है। दूषित पानी से होने वाली बीमारियों पर होने वाला खर्च कम हुआ है और लोगों की कार्यक्षमता बढ़ी है। घर में नल लगने से महिलाओं और बच्चों का समय बचा है, जिसका उपयोग अब वे खेती-किसानी और अन्य उपयोगी कार्यों में कर रहे हैं। 

ग्रे वॉटर मैनेजमेंट के तहत ग्रामीणों को सोख्ता गड्ढों के निर्माण की जानकारी देकर जल संरक्षण और स्वच्छता को भी बढ़ावा दिया गया है। ग्रामवासियों ने इस परिवर्तन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। 

Advertisements

You cannot copy content of this page