राजनांदगांव 27 मई 2026। जिला चिकित्सालय राजनांदगांव परिसर में आबंटित दुकानों का वर्षों से लंबित किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। जीवन दीप समिति के निर्णय के अनुसार बकाया किराया जमा नहीं करने पर दुकानों को सील करने एवं आबंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में ग्राम व पोष्ट कुथरेल जिला दुर्ग निवासी श्रीमती ममता चन्द्राकर को जिला चिकित्सालय राजनांदगांव परिसर में आबंटित उत्तरमुखी दुकान क्रमांक-8 को तालाबंद कर सील किया गया। संबंधित दुकान का माह जुलाई 2015 से किराया बकाया था।
कार्यालय सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय राजनांदगांव द्वारा किराया राशि जमा करने हेतु अंतिम स्मरण नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बावजूद निर्धारित समयावधि तक 1 लाख 80 हजार 759 रूपए की बकाया राशि जमा नहीं किए जाने पर पंचनामा कर दुकान को सील करने की कार्रवाई की गई।
परिसर में संचालित अन्य दुकानदारों को भी निर्धारित समयसीमा में बकाया किराया जमा करने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा में बकाया किराया राशि जमा नहीं करने वाले अन्य दुकानदारों के विरूद्ध भी नियमानुसार सीलिंग एवं आबंटन निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में तहसीलदार श्री प्यारे लाल नाग, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद, अस्पताल प्रबंधक श्री अविन चौधरी, स्टीवर्ड श्री सुरेश कुमार मंडलोई सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।