back to top

राजनांदगांव : जिले में सिकल सेल एनीमिया जांच महाअभियान 29 फरवरी को…

राजनांदगांव 27 फरवरी 2024। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में 29 फरवरी को एक दिवसीय सिकल सेल जांच महाअभियान का आयोजन किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके बसोड़ ने बताया कि सिकल सेल जांच महाअभियान तहत 0 से 40 वर्ष के लोगों की सिकल सेल स्क्रीनिंग सॉल्युबिलिटी टेस्ट एवं पीओसी टेस्ट के माध्यम से की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य 0 से 40 वर्ष के लोगों की स्क्रीनिंग कर पॉजिटिव मरीज को इलाज उपलब्ध कराना तथा निरंतर फॉलो अप करना है। 

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया एलिमिनेशन मिशन की शुरूआत राष्ट्रीय स्तर पर की थी जिसके तहत जिले में आगामी 3 वर्ष तक 0 से 40 वर्ष आयु समूह के सभी लोगों की स्क्रीनिंग कर सिकल सेल का उन्मूलन करना है। मरीजों का चिन्नांकन कर उन्हें उचित परामर्श एवं इलाज प्रदाय करना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि एकदिवसीय महाअभियान के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत मैदानी स्तर के अम्लों को लक्ष्य दिया गया है।

 जिसके तहत 0-40 वर्ष की आयु समूह की स्क्रीनिंग कर ऑनलाइन एंट्री दर्ज करनी है। इसके लिए आवश्यक तैयारी एवं कीट की उपलब्धता सभी केन्द्रों में कर दी गई है। अभियान अंतर्गत 29 फरवरी को लगभग 45 हजार का स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें छुरिया विकासखंड में 10 हजार, डोंगरगांव विकासखंड में 8 हजार, डोंगरगढ़ विकासखंड 10 हजार, घुमका विकासखंड 10 हजार एवं राजनांदगांव शहरी क्षेत्र को 7 हजार का लक्ष्य सभी विकासखंडों को दिया गया है। 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री बसोड ने अभियान की पूर्व तैयारी के लिए वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से खंड चिकित्सा अधिकारियों, सभी मैदानी अमलों आवश्यक दिशा-निर्देश दिए एवं तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने जनसामान्य से अपील की है कि वह अपने निकटतम स्वास्थ्य केन्द्रों में जाकर सिकल सेल एनीमिया की जांच अवश्य कराकर, आने वाली पीढ़ी के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करें।

Advertisements

You cannot copy content of this page