राजनांदगांव: जीजा से विवाद के बाद साले ने घर में लगाई आग, पुलिस ने किया गिरफ्तार…

राजनांदगांव। चिखली चौकी क्षेत्र में जीजा से विवाद के बाद साले द्वारा घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जून 2026 को प्रार्थी ने चौकी चिखली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने मोहल्ले में घरेलू चर्चा कर रहा था। इसी दौरान उसका रिश्ते में साला रिस्ता नेताम शराब के नशे में वहां पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा गाल पर नुकीली वस्तु से हमला कर घायल कर दिया।

प्रार्थी जब घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने चौकी चिखली पहुंचा, तभी आरोपी ने उसके घर में आग लगा दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) और 326(जी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रिस्ता गोंड़ (27 वर्ष), निवासी ग्राम बोरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर, आरक्षक सुनील बैरागी, चन्द्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, आदित्य सोलंकी सहित चिखली चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।