
राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने चोरी के मामले में नामजद आरोपी आशीष पात्रो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया चांदी का डल्ला भी बरामद कर जब्त किया गया है। आरोपी पहले से ही रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मामले में केंद्रीय जेल रायपुर में निरुद्ध था।

पुलिस के अनुसार अनुपम नगर निवासी अमित सोनी ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 अप्रैल 2026 को आशीष पात्रो उसके घर मिलने आया था। इसी दौरान प्रार्थी के बाथरूम जाने पर आरोपी ने घर में रखे बैग से चांदी का डल्ला चोरी कर लिया। शिकायत पर बसंतपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 338/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी वर्तमान में रायपुर के केंद्रीय जेल में निरुद्ध है। इसके बाद थाना सिविल लाइन रायपुर से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर बसंतपुर पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से हिरासत में लिया और पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की। उसके मेमोरेण्डम कथन के आधार पर उसके रायपुर स्थित किराये के मकान से चोरी किया गया चांदी का डल्ला बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक कौशलेश देवांगन, उप निरीक्षक इब्राहिम खान, कुश बघेल एवं उत्तर कुमार जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































