
अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत राजनांदगांव नगर निगम को 24×7 जल प्रदाय पायलट परियोजना हेतु मिली ₹ 736 लाख की स्वीकृति
नगर निगम नागरिकों को बेहतर, निरंतर एवं भरोसेमंद जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है: मधुसूदन यादव
राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के विभागीय आदेश दिनांक 10.11.2026 के द्वारा अमृत मिशन 2.0 योजना के अंतर्गत राजनांदगांव शहर हेतु 24×7 जल प्रदाय पायलट परियोजना हेतु लागत राशि ₹ 7 करोड़ 36 लाख 27 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति राजनांदगॉव नगर निगम को प्राप्त हुई है। राजनांदगॉव महापौर मधुसूदन यादव ने संस्कारधानी के लिये इसे अहम् उलपब्धि बताते हुए इसकी स्वीकृति पर जनता की ओर से छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगॉव विधायक डॉ0 रमन सिंह का आभार व्यक्त किया है, जिनके तत्परता एवं सतत् प्रयासों से यह प्रशासकीय स्वीकृति अल्प समय में राजनांदगॉव नगर निगम को प्राप्त हो सकी है।
महापौर ने विस्तार से बताया है कि इस योजना के तहत नगर निगम राजनांदगांव द्वारा शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों यथा मोहड़, मोहारा, सिंगदई एवं हल्दी को पायलट क्षेत्र के रूप में चुना गया है, जहाँ नागरिकों को निरंतर और गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल वितरण व्यवस्था, टंकी निर्माण, बोर खनन, बोर स्थापना, एवं अधोसंरचना विकास व सृदृढ़ीकरण हेतु वृहद स्तर पर कार्य किया जाएगा। अमृत मिशन 2.0 का उद्देश्य इन क्षेत्रों को जल-सुरक्षित बनाना तथा सभी परिवारों तक कार्यशील नल-जल आपूर्ति पहुँचाना है। इस परियोजना से शहर के मोहड़, मोहारा, सिंगदई एवं हल्दी क्षेत्र के नागरिकों को नियमित, दबावयुक्त एवं 24 घंटे उपलब्ध जलापूर्ति का लाभ मिलेगा। साथ ही जल वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे जल हानि में कमी, बेहतर सेवा गुणवत्ता और नागरिकों की सुविधा में सुधार होगा। यह पहल राजनांदगांव शहर में टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महापौर मधुसूदन यादव ने दावा किया है कि राजनांदगांव नगर निगम नागरिकों को बेहतर, निरंतर एवं भरोसेमंद जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। इसी परिपेक्ष्य में शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों मोहड़, मोहारा, सिंगदई एवं हल्दी का चयन पायलट परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु किया गया है, जिससे भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा। महापौर ने अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात् निगम आयुक्त एवं विभागीय अमले को परियोजना के क्रियान्वयन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के लिये विभागीय बैठक आहूत कर एक्शन प्लान तैयार करने एवं दायित्व निर्धारण करने के निर्देश दिए हैं।
राजनांदगॉव निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र (पारस) वर्मा, जल कार्य विभाग के प्रभारी पार्षद सुनील साहू, मोहारा पार्षद आलोक श्रोती, हल्दी पार्षद चंद्रकृत साहू, सिंगदई पार्षद मुकेश साहू, मोहड़ पार्षद संजय रजक ने राजनांदगॉव नगर निगम को उक्त महत्वपूर्ण प्रशासकीय स्वीकृति दिलवाने के लिये प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ0 रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव, प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव, राजनांदगॉव सांसद संतोष पाण्डे एवं राजनांदगॉव महापौर मधुसूदन यादव को धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।









































