
राजनांदगांव। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा 38वीं एनसीसी बटालियन के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 350 एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
16 से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात कृष्णकांत वाजपेयी के पर्यवेक्षण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यातायात प्रभारी निरीक्षक शंकरगिरी गोस्वामी के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने कैडेट्स को सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान कैडेट्स को बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चालकों की लापरवाही है। दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मार्क का हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। युवा स्वयं यातायात नियमों का पालन कर अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकते हैं।
कार्यक्रम में कर्नल प्रवल, लेफ्टिनेंट कर्नल संजेश कुमार भवनानी, सूबेदार मेजर सतवड़ी सिंह सहित सैन्य अधिकारी, स्टाफ के 17 सदस्य एवं लगभग 350 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित बनाएं।










































