
राजनांदगांव। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम ठेलकाडीह के मुख्य चौक में सोमवार शाम करीब 5 बजे तेज रफ्तार मारुति ईको वाहन ने शिक्षिका और एक स्कूली छात्र को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। प्रारंभिक उपचार के बाद दोनों को राजनांदगांव के पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ठेलकाडीह के शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षिका किरण तिवारी स्कूल की छुट्टी के बाद राजनांदगांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं। वह स्कूल के कुछ बच्चों के साथ मुख्य चौक स्थित बस स्टैंड पर खड़ी थीं।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही मारुति ईको वाहन अनियंत्रित होकर वहां पहुंची और शिक्षिका सहित एक छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला और छात्र उछलकर कुछ दूरी पर जा गिरे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही ठेलकाडीह चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।











































