
राजनांदगांव। शहर के राम दरबार के पास हाईवे पर बुधवार रात सड़क हादसे में एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान दुर्गा राव रेड्डी निवासी शंकरपुर रामनगर वार्ड नंबर 07 छत्तीसगढ़ भवन के रूप में बताई गई है। परिजनों के अनुसार, दुर्गा राव रेड्डी रात करीब 9 बजे अपनी पत्नी को लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान राम दरबार के पास हाईवे पर यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उन्हें समय पर उचित उपचार नहीं मिल पाया, जिसके कारण उनकी मौत हुई। हालांकि, मौत का वास्तविक मतलब कारण चिकित्सकीय जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मोटरसाइकिल चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद मृतक के परिजन कोतवाली थाना पहुंचे और मामले को लेकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों तथा बाइक सवार के संबंध में जांच की जा रही है।











































