back to top

राजनांदगांव: मानवता की मिसाल बनी बसंतपुर पुलिस और बाबा खाटू श्याम संस्कार श्रद्धांजलि, लावारिस शव का सम्मान के साथ कराया अंतिम संस्कार…

राजनांदगांव। अपनों का साथ छूट जाने के बाद मौत के समय भी कोई अपना सामने नहीं आया, लेकिन ऐसे कठिन समय में बसंतपुर पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। बसंतपुर पुलिस की अहम भूमिका और बाबा खाटू श्याम संस्कार श्रद्धांजलि के सदस्यों के सहयोग से एक लावारिस व्यक्ति का पूरे सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के अनुसार, मां पाताल भैरवी मंदिर रोड पर करीब चार दिन पहले लगभग 65 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। बसंतपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान अगले दिन उसकी मौत हो गई। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी।

इसके बाद बसंतपुर पुलिस ने पहचान के प्रयास किए। सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी जुटाने पर मृतक की पहचान राजेंद्र दुबे के रूप में हुई। जानकारी सामने आई कि वह पिछले 10-11 वर्षों से भटकता हुआ जीवन व्यतीत कर रहा था और उसका कोई सगा-संबंधी भी सामने नहीं आया।

ऐसे में बसंतपुर पुलिस और बाबा खाटू श्याम संस्कार श्रद्धांजलि के सदस्य आगे आए और मृतक के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई। ब्राह्मण कुल से होने के कारण सनातनी परंपरा के अनुसार पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर उन्हें सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी गई।

इस पूरे सेवाकार्य में बसंतपुर पुलिस की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और सामाजिक संगठनों के सहयोग ने यह साबित कर दिया कि मानवता का रिश्ता सबसे बड़ा होता है। जब अपनों ने साथ छोड़ दिया, तब पुलिस और समाज के सेवाभावी लोगों ने आगे आकर इंसानियत का फर्ज निभाया।