राजनांदगांव: दूसरी शादी से नाराज पति ने भाई के साथ मिलकर किया जानलेवा हमला, दोनों आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र में पत्नी की दूसरी शादी से नाराज एक व्यक्ति ने अपने भाई के साथ मिलकर महिला के दूसरे पति पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 3 जून को चौकी चिखली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सोनू साहू के जेल में रहने के दौरान उसकी पत्नी से उसकी पहचान हुई थी। दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और आपसी सहमति से विवाह कर लिया। जेल से रिहा होने के बाद सोनू साहू अपनी पत्नी की दूसरी शादी से नाराज था और इसी कारण प्रार्थी से रंजिश रखता था।


आरोप है कि 2 जून को सोनू उर्फ प्रदीप साहू ने अपने भाई राजा उर्फ सूरज साहू के साथ मिलकर प्रार्थी को बातचीत के बहाने घर बुलाया और जान से मारने की नीयत से डंडे तथा धारदार कटारनुमा चाकू से हमला कर घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 109(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजा साहू को चिखली और सोनू उर्फ प्रदीप साहू को दुर्ग से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कटारनुमा लोहे का चाकू और एक बांस का डंडा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।