
राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में डोंगरगढ़ पुलिस ने भोंथली रोड स्थित धान मंडी गेट के पास अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 32 पौवा देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 2720 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोंथली रोड धान मंडी गेट के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर डोंगरगढ़ पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी भवानी प्रसाद सिन्हा (37 वर्ष), निवासी सेंदरी वार्ड क्रमांक 12, डोंगरगढ़ को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 28 पौवा शोले प्लेन देशी मदिरा, जिसकी कुल मात्रा 5.040 बल्क लीटर एवं कीमत 2240 रुपये है, तथा 4 पौवा जम्मू स्पेशल व्हिस्की, जिसकी मात्रा 0.720 बल्क लीटर एवं कीमत 480 रुपये है, बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 5.760 बल्क लीटर शराब जब्त की, जिसकी कुल कीमत 2720 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 698/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मोती लाल बुडेक एवं आरक्षक अविलेश का सराहनीय योगदान रहा।
डोंगरगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री सहित अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।










































