back to top

राजनांदगांव: धान खरीदी नीति में बदलाव से किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ : सचिन सिंह बघेल…

साय सरकार के फैसले से प्रदेशभर के किसानों में खुशी, नई व्यवस्था से किसानों को मिलेगी राहत

राजनांदगांव। प्रदेश की भाजपा सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की नीति में महत्वपूर्ण बदलाव कर एक बार फिर साबित कर दिया है कि सरकार किसानों के हितों और उनकी आर्थिक समृद्धि को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार के इस अभूतपूर्व फैसले से प्रदेशभर के किसानों में खुशी का माहौल है।

नई व्यवस्था के तहत 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी में किसान अपनी उपज के अनुसार धान बेच सकेंगे तथा प्रति एकड़ निर्धारित खरीदी सीमा के हिसाब से उन्हें लाभ मिलेगा। सरकार के इस निर्णय को किसानों के हित में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि धान खरीदी नीति में बदलाव से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पहले कई किसान विभिन्न कारणों से अपनी पूरी उपज समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाने की चिंता से परेशान रहते थे लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं को समझते हुए खरीदी व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव किया है।

इससे किसानों को अपनी मेहनत और उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। श्री बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार केवल किसानों के हितों तक सीमित नहीं है बल्कि समाज के सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना, कृषि व्यवस्था को सुविधाजनक बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

धान खरीदी नीति में किया गया बदलाव इसी किसान हितैषी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने धान खरीदी व्यवस्था को पहले से अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पूर्व में धान खरीदी समितियों और उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़ाने से किसानों को काफी सुविधा मिली है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने और अनावश्यक परेशानियों का सामना करने से राहत मिली है।

खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ने से व्यवस्था पर दबाव भी कम हुआ है और किसानों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार किसानों के परिश्रम का सम्मान करते हुए उनके जीवन में खुशहाली लाने के लिए लगातार निर्णय ले रही है।

धान खरीदी व्यवस्था में सुधार, समर्थन मूल्य पर खरीदी और किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में सरकार की पहल सराहनीय है। श्री बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के इस निर्णय से किसानों का भरोसा और मजबूत हुआ है।

निश्चित रूप से नई धान खरीदी नीति किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी और प्रदेश के अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति को मजबूती प्रदान करेगी।