
प्लेटफॉर्म नंबर दो पर करीब 45 मिनट तक खड़ी रही ट्रेन, डॉग स्क्वॉड और भारी पुलिस बल तैनात; एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस हिरासत में
राजनांदगांव। राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से गुरुवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। एहतियात के तौर पर ट्रेन को करीब 45 मिनट तक स्टेशन पर ही रोके रखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के जवान तत्काल सक्रिय हो गए। स्टेशन परिसर में बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं, बम की सूचना को गंभीरता से लेते हुए डॉग स्क्वॉड की मदद से ट्रेन और आसपास के क्षेत्र की जांच की कार्रवाई शुरू की गई।
इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को अपने कब्जे में लिया है। उससे पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। बम की सूचना के बाद यात्रियों और स्टेशन पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल रहा। हर कोई घटना को लेकर चिंतित नजर आया।
फिलहाल बम की सूचना की पुष्टि और जांच के वास्तविक नतीजों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं।









































