back to top

राजनांदगांव : धान खरीदी पर भूपेश बघेल के सवालों का देवेश वैष्णव ने किया समर्थन, सरकार से मांगा जवाब…

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पूछे गए सात सवालों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री देवेश वैष्णव ने भूपेश बघेल के सवालों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से किसानों के हित में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

देवेश वैष्णव ने कहा कि धान खरीदी छत्तीसगढ़ के किसानों और प्रदेश की अर्थव्यवस्था से जुड़ा बेहद महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि खरीदी शुरू होने से पहले बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था, खरीदी केंद्रों में जगह, धान के उठाव और किसानों को समय पर भुगतान की पूरी तैयारी सुनिश्चित करे।

उन्होंने धान खरीदी की निर्धारित अवधि को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि सीमित कार्यदिवसों में प्रदेश के किसानों का पूरा धान खरीदना एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए खरीदी केंद्रों की क्षमता और प्रतिदिन खरीदी की सीमा को लेकर सरकार को स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।

वैष्णव ने पिछले वर्ष के धान के निराकरण और राइस मिलर्स द्वारा भारतीय खाद्य निगम (FCI) में चावल जमा कराने की स्थिति पर भी पारदर्शिता की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि पुराने धान और चावल के निराकरण की स्थिति स्पष्ट हुए बिना नए धान के उठाव और भंडारण की व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने सरकार से धान खरीदी के लिए उपलब्ध बजट, भुगतान की व्यवस्था और कर्ज पर बढ़ते ब्याज का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग का भी समर्थन किया।

देवेश वैष्णव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं। सरकार को इन सवालों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के रूप में लेने के बजाय तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए, ताकि प्रदेश के किसानों के मन में धान खरीदी और भुगतान को लेकर किसी तरह की आशंका न रहे।