
राजनांदगांव। शहर में चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आदतन आरोपी को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री के.पी. मरकाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में क्षेत्र में चाकूबाजी एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 2 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि नया बस स्टैंड राजनांदगांव में एक युवक धारदार चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी हेमंत बमबोले (23 वर्ष), निवासी मां गायत्री कॉलोनी, कमला कॉलेज रोड, थाना बसंतपुर, राजनांदगांव को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसे जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ राजनांदगांव के कोतवाली, बसंतपुर, लालबाग तथा भिलाई नगर थानों में लूट, चोरी, नकबजनी, एनडीपीएस एक्ट और मारपीट सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, सहायक उपनिरीक्षक संजीव कुमार मालेकर तथा आरक्षक प्रयंश सिंह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










































