
राजनांदगांव। पुलिस चौकी सुरगी क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़, घर में जबरन प्रवेश, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने 28 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 8 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को नाबालिग पीड़िता ने चौकी सुरगी में शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 9:15 बजे आरोपी कमलेश साहू उसके घर में जबरन प्रवेश कर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से पीड़िता की तस्वीर भी ली और घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना बसंतपुर की चौकी सुरगी में अपराध क्रमांक 412/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट एवं आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन किया। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी कमलेश साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 51 हल्दी को विधिवत गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चौकी सुरगी पुलिस द्वारा की गई।
राजनांदगांव पुलिस ने कहा कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा के प्रति पुलिस प्रतिबद्ध है। उनके विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











































