back to top

राजनांदगांव: गणेश उत्सव को लेकर राजनांदगांव पुलिस अलर्ट, 70 से अधिक समितियों के साथ बनी सुरक्षा कार्ययोजना…

राजनांदगांव, 08 सितंबर 2026। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने राजनांदगांव पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में शहर की 70 से अधिक गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।

Advertisements


बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक साइबर सहित शहर के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर समितियों के साथ समन्वय किया गया।


‘One Cop – One Pandal’ पहल पर जोर
बैठक में राजनांदगांव पुलिस की विशेष पहल “One Cop – One Pandal” की जानकारी दी गई। इसके तहत बड़े, मध्यम और संवेदनशील गणेश पंडालों में “Pandal Police Mitra” की तैनाती की जाएगी। ये पुलिसकर्मी गणेश उत्सव समिति और पुलिस के बीच निरंतर समन्वय का कार्य करेंगे, ताकि किसी भी स्थिति में पुलिस सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जा सके।


पुलिस ने समितियों को पंडालों में प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग, बैरिकेडिंग, दर्शन के लिए कतार व्यवस्था, पार्किंग और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता हमेशा खुला रखने को कहा गया।


CCTV और अग्नि सुरक्षा पर विशेष ध्यान
पुलिस अधीक्षक ने गणेश पंडालों में CCTV कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित विद्युत वायरिंग और अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा पर्याप्त संख्या में पहचान योग्य स्वयंसेवक तैनात करने की भी अपील की गई।


एसपी अंकिता शर्मा ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव के दौरान नशे में उपद्रव, हथियारों का प्रदर्शन, जुआ-सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी प्रसारित नहीं करने और किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।


एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि गणेश उत्सव राजनांदगांव की गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में भगवान गणेश के दर्शन कर सके। उन्होंने कहा कि पुलिस और गणेश उत्सव समितियां आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्य करेंगी, जिससे उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

Advertisements

You cannot copy content of this page