राजनांदगांव: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में युवक गिरफ्तार, राजनांदगांव पुलिस ने भेजा जेल…

राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान सुनील साहू (20 वर्ष) निवासी नंदई चौक, कोठारपारा, थाना बसंतपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 6 जुलाई की रात घर से बिना बताए कहीं चली गई है।

मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसी दिन बालिका को राजनांदगांव के गुड़ाखू लाइन क्षेत्र से बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया था।

बाद में 27 जुलाई को परिजनों ने पुलिस को बताया कि बालिका घर लौटी है और उसने महाराष्ट्र जाकर शादी करने की बात कही है।

इसके बाद पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया। पुलिस के अनुसार, बयान में पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी सुनील साहू उसे महाराष्ट्र ले गया, जहां एक मंदिर में विवाह किया और उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।

पुलिस ने आरोपी सुनील साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 7 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र शाह, एसआई नंदनी ठाकुर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नितेश कुमार कर्ष, आरक्षक प्रयंश सिंह तथा महिला आरक्षक महेश्वरी कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।