
दीपावली पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, असामाजिक तत्वों पर रखी जा रही कड़ी नजर
राजनांदगांव। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए डोंगरगढ़ पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में थाना चौक के पास विवाद कर शांति भंग करने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को पवन कुमार ध्रुवे (20 वर्ष), निवासी भुरवाटोला डोंगरगढ़, थाना चौक के पास शराब के नशे में अजय साहू से विवाद करने लगा। उसने अजय साहू द्वारा थाने में शिकायत किए जाने की बात को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मारपीट करने पर उतारू हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डोंगरगढ़ पुलिस ने युवक के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने, विवाद करने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।










































