back to top

राजनांदगांव: दीपावली पर्व को लेकर असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर, उपद्रव करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई…

राजनांदगांव। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए डोंगरगढ़ पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों पर निगरानी रख रही है।

इसी क्रम में पुलिस ने थाना चौक के पास विवाद और हंगामा कर शांति भंग करने की कोशिश करने वाले एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को पवन कुमार ध्रुवे (20 वर्ष), निवासी भुरवाटोला डोंगरगढ़, थाना चौक के पास शराब के नशे में अजय साहू से विवाद करने लगा।

युवक ने अजय साहू पर थाने में शिकायत करने की बात को लेकर विवाद शुरू किया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह और अधिक आक्रोशित होकर मारपीट करने पर उतारू हो गया।

स्थिति को देखते हुए डोंगरगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उसे माननीय एसडीएम न्यायालय में पेश किया।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली पर्व के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।