राजनांदगांव: नाबालिग से दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में युवक गिरफ्तार…

राजनांदगांव। सोमनी थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म तथा उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामला गंभीर प्रकृति का होने के कारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की परिजन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया कि नाबालिग बालिका कुछ माह पूर्व रोजगार के लिए टेड़ेसरा क्षेत्र आई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी युवक द्वारा उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए, मारपीट की गई तथा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसी कारण बालिका ने आत्महत्या कर ली।

शिकायत के आधार पर सोमनी थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रंजीत सिंह (22 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। कार्रवाई में सोमनी थाना के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।