
राजनांदगांव/छुरिया। नौकरी लगाने का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक शोषण करने के आरोप में छुरिया पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने वन विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर पीड़िता के पिता से 43 हजार रुपये भी लिए थे। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक थाना छुरिया में दर्ज अपराध क्रमांक 163/2026 में मोहम्मद सफदर खान (48), निवासी वार्ड क्रमांक 4 सीताबर्डी पठान पारा, छुरिया को आरोपी बनाया गया है।
आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता से वनरक्षक भर्ती का फॉर्म भरने की बात कहकर उसका प्रवेश पत्र लिया और वन विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसी दौरान उसने पीड़िता के पिता से 43 हजार रुपये भी लिए।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर पीड़िता को धमकाकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप है। पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 1 सितंबर 2026 को शाम 7:15 बजे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशरीनंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनुराग सोनवानी, सहायक उपनिरीक्षक उदय सिंह चंदेल, महिला प्रधान आरक्षक धनसीर भुआर्य, महिला आरक्षक सेलिया नेताम और आरक्षक छन्नू लाल खुंटे का विशेष योगदान रहा।








































