राजनांदगांव: पशु तस्करी करते 2 आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख की मवेशी व पिकअप वाहन जब्त…

राजनांदगांव। जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगांव थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिकअप वाहन सहित छह मवेशी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में जिले में पशु तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

24 जुलाई की रात पुलिस को सूचना मिली कि बजरंग दल के कार्यकर्ता एक संदिग्ध पिकअप वाहन का पीछा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर ग्राम आयबांधा चौक के पास घेराबंदी की और पिकअप वाहन क्रमांक CG 08 AZ 7329 को रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 3 भैंस, 2 भैंसा और 1 पड़वा को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित निकालकर गौशाला भेज दिया तथा वाहन को जब्त कर लिया।

इस मामले में पुलिस ने राधेश्याम अंबादे (35 वर्ष), निवासी दामा बंजारी, थाना छुरिया एवं सिद्धार्थ बंसोड (29 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 1, बजरंगपुर, पुलिस चौकी चिखली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों को महाराष्ट्र ले जाने की बात स्वीकार की।

आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक बृजमोहन यादव एवं आरक्षक अजमेर खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।