
धार्मिक आयोजन के लिए लगे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पोस्टर फाड़े जाने का मामला सामने आया
पोस्टर से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का रेजर नुमा धारदार हथियार से गला काटा गया है ।
मांग पूरी न होने पर काग्रेस ने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है ।
राजनांदगांव लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम की घोषणा कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में होने के बाद यह सीट प्रदेश में हाई प्रोफाइल हो गई है। ऐसे में अब यहां राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज नजर आ रही है। इसी बीच एक धार्मिक आयोजन के लिए लगे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पोस्टर फाड़े जाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद कांग्रेस ने थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है और जल्द कार्रवाई नहीं होने पर सड़क पर बैठने बाध्य होने की चेतावनी दी है।
राजनांदगांव शहर के बसंतपुर थाने के बगल में ही महाशिवरात्रि के आयोजन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगांव से कांग्रेस उम्मीदवार भूपेश बघेल और राजनांदगांव से कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गिरीश देवांगन का एक फ्लैक्स पोस्टर लगाया गया था।

इस पोस्टर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का चेहरा ब्लेड नुमा धारदार वस्तु से काट दिया गया है। जिसकी जानकारी कांग्रेस जनों को मिलने के बाद महापौर हेमा देशमुख सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी बसंतपुर थाने पहुंचे और एक आवेदन देकर इस तरह का कृत्य करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया।
इस मामले में महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि राजनीतिक द्वेष के चलते इस तरह का कृत्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पोस्टर कोई राजनीतिक नहीं था बल्कि धार्मिक आयोजन की शुभकामना देने लगाया गया था। उन्होंने कहा कि आरोपी की हरकत से हमारी धार्मिक आस्था भी आहत हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपी का नाम जाहिर नहीं होने और कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में हम सड़क पर बैठने बाध्य होंगे।
बसंतपुर थाने से चंद कदम दूर अज्ञात व्यक्ति द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री का पोस्टर फाड़े जाने के इस मामले में कांग्रेस जनों के आवेदन के बाद थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में थाना प्रभारी सत्यनारायण देवांगन ने कहा कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ छत्तीसगढ़ संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत उचित धाराओं में मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार की तस्वीर फाड़े जाने के मामले में बसंतपुर पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं इस मामले में कांग्रेस ने त्वरित कार्रवाई की भी मांग की है। धार्मिक आयोजन को लेकर लगे पूर्व मुख्यमंत्री के पोस्टर को फाड़े जाने का मामला राजनीतिक नजर आ रहा है, लेकिन अज्ञात व्यक्ति की इस तरह की हरकत से राजनांदगांव की स्वच्छ राजनीति को धूमिल करने का प्रयास दिखाई देता है। जिससे राजनीतिक माहौल बिगड़ने में वक्त नहीं लगेगा।









































