
राजनांदगांव। पेंशनर्स एसोसिएशन की मासिक बैठक 18 अक्टूबर को प्यारेलाल स्कूल में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण पर चर्चा की गई। इस दौरान सुधीर शेण्डे को सर्वसम्मति से एसोसिएशन का नया जिलाध्यक्ष घोषित किया गया।
बैठक की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुई। जिलाध्यक्ष पद के लिए डोंगरगढ़ तहसील अध्यक्ष हंसराज साहू और डोंगरगांव तहसील अध्यक्ष ज्योतिष राम यादव ने सुधीर शेण्डे के नाम का समर्थन किया, जबकि नगर अध्यक्ष पतराम साव ने प्रस्ताव रखा। उपस्थित पेंशनरों ने तालियों के साथ प्रस्ताव का अनुमोदन किया।
नवमनोनीत जिलाध्यक्ष सुधीर शेण्डे का प्रांतीय महामंत्री निसार अहमद एवं प्रांतीय संरक्षक केहरी ने माला पहनाकर और गुलाल लगाकर स्वागत किया। इस अवसर पर एसोसिएशन से जुड़े नए सदस्यों ने भी उनका अभिनंदन किया।
बैठक में नवंबर माह में पेंशनरों द्वारा बैंकों के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा किए जाने के संबंध में भी जानकारी दी गई। बैठक के अंतिम चरण में दिवंगत पेंशनर साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।











































