
राजनांदगांव। डोंगरगांव थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तिलक राम (32 वर्ष), निवासी ग्राम साल्हे मन्होरा ने 10 जनवरी 2026 को मोहड़ चौक के पास से अपनी बजाज प्लसर 125 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 08 BE 2062), जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये है, चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना डोंगरगांव में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पतासाजी की।
जांच के दौरान संदेही महेन्द्र उर्फ दादू मानिकपुरी (42 वर्ष), निवासी किल्लापारा वार्ड नंबर 03, डोंगरगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









































