back to top

राजनांदगांव: मेडिकल स्टोर में ताला तोड़कर चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार…

राजनांदगांव। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मेडिकल स्टोर में हुई चोरी के मामले में एक निगरानी बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से नगदी और दवाइयां बरामद की गई हैं।

Advertisements


मिली जानकारी के अनुसार, 14-15 मार्च 2026 की दरम्यानी रात रेलवे स्टेशन रोड स्थित धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स में अज्ञात चोर ने दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे करीब 5300 रुपये नगद, कुछ दवाइयां और अन्य सामान चोरी कर लिया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मिलन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही मिथलेश मारकण्डेय (21 वर्ष), निवासी लखोली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।


पूछताछ में आरोपी ने लोहे की रॉड से दुकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसने गल्ले से पैसे निकालकर कुछ रकम जुए में हार दी। पुलिस ने उसके कब्जे से 1160 रुपये नगद और चोरी की गई टेबलेट बरामद की है।


पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 17 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से मारपीट, चोरी और नकबजनी के करीब 15 मामले दर्ज हैं। वह अक्सर मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है।

Advertisements

You cannot copy content of this page