
राजनांदगांव। बागनदी थाना पुलिस ने वर्ष 2025 एवं 2026 के सभी लंबित मर्ग प्रकरणों का निराकरण कर ‘जीरो पेंडेंसी’ का लक्ष्य हासिल कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इससे त्वरित न्याय प्रक्रिया को गति मिलेगी और आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत होगा।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इसके तहत सभी पुराने और नए लंबित मर्ग प्रकरणों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट, चिकित्सकीय दस्तावेज, गवाहों के बयान और अन्य आवश्यक साक्ष्यों का विधिसम्मत परीक्षण कर सभी प्रकरणों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लंबित मामलों के शत-प्रतिशत निपटारे से न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी और आम लोगों को समय पर न्याय दिलाने में सहायता मिलेगी।
इस उपलब्धि में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, उपनिरीक्षक देवादास भारती, सहायक उपनिरीक्षक भागवत प्रसाद धुर्वे, प्रधान आरक्षक संतोष मिश्रा तथा आरक्षक भूपेंद्र तुमरेकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































