राजनांदगांव: बायपास रोड पर शराब तस्करी नाकाम, लालबाग पुलिस ने आरोपी और नाबालिग को दबोचा…

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में लालबाग थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि के प्रति संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल और बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले में नशे और अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

24 जुलाई को थाना लालबाग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रेवाडीह बायपास रोड स्थित वीरजी फटाखा दुकान के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शराब बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा।

पूछताछ में एक व्यक्ति ने अपना नाम श्याम सूर्यवंशी (32 वर्ष), निवासी अटल आवास, पेंड्री बताया, जबकि दूसरा विधि के प्रति संघर्षरत बालक निकला। तलाशी के दौरान उनके बैग से 32 पौवा देशी प्लेन शराब (5.760 बल्क लीटर) बरामद हुई, जिसकी कीमत ₹2,560 बताई गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा पैशन प्लस मोटरसाइकिल (CG 04 DE 7537) भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹17,560 आंकी गई है।

पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी श्याम सूर्यवंशी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि विधि के प्रति संघर्षरत बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।