back to top

राजनांदगांव: 7 माह की गर्भावस्था से खुला दुष्कर्म का राज, डोंगरगांव पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार…

राजनांदगांव: जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में एक नाबालिग दिव्यांग बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के सात माह की गर्भवती होने का पता चलने के बाद घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Advertisements

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में मामले की तत्काल जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में डोंगरगांव थाना पुलिस ने कार्रवाई की।

बताया गया कि पीड़िता के परिजनों ने पेट बढ़ने पर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल राजनांदगांव ले जाया, जहां जांच में उसके सात माह की गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद 24 जुलाई को परिजनों ने थाना डोंगरगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर आरोपी कमल नारायण साहू (24 वर्ष), निवासी तुमडीलेवा, थाना डोंगरगांव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(के) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

जांच के दौरान पीड़िता बोलकर अपनी बात बताने में असमर्थ थी। ऐसे में पुलिस ने सीआरसी सेंटर के सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ (दुभाषिए) की सहायता से पीड़िता का बयान दर्ज कराया। बयान के आधार पर आरोपी की तलाश की गई और उसे उसके निवास से हिरासत में लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक देवकुमार रावटे तथा प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page