
राजनांदगांव। बारिश के मौसम में सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी से होने वाली दुर्घटनाओं और जनहानि की आशंका को देखते हुए राजनांदगांव पुलिस ने सड़क सुरक्षा की दिशा में पहल शुरू की है। पुलिस द्वारा शहर एवं आसपास के ऐसे स्थानों को चिन्हांकित कर सड़कों पर मौजूद गौवंश को सुरक्षित तरीके से हटाया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, विशेषकर रात के समय सड़कों पर बैठे या विचरण कर रहे मवेशियों के कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। बारिश के दौरान सड़कें गीली होने और दृश्यता कम होने से स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा यथासंभव आवश्यक स्थानों पर कार्रवाई करते हुए मवेशियों को सड़क से हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
शहर में लगाए गए स्टॉपर्स
सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने शहर के मध्य आवश्यक स्थानों पर स्टॉपर्स भी लगाए हैं। इसका उद्देश्य वाहनों की गति को नियंत्रित करना और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है।
वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से बारिश एवं रात्रि के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि वाहन धीमी गति से चलाएं, सड़क पर मवेशी दिखाई देने पर तत्काल गति नियंत्रित करें और पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें।











































