राजनांदगांव: बेटियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर जीवनदान सेवा संस्था का प्रदर्शन, सख्त कानून और त्वरित न्याय की मांग…

राजनांदगांव। बेटियों के साथ दुष्कर्म और हत्या जैसी गंभीर घटनाओं में बढ़ोतरी को लेकर जीवनदान सेवा संस्था ने गुरुवार को न्यायालय परिसर के बाहर प्रदर्शन कर सख्त कानून और त्वरित न्याय की मांग की।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि दुष्कर्म और हत्या जैसे मामलों में न्याय मिलने में होने वाली देरी तथा अपराधियों को मिलने वाली कानूनी राहत से अपराधियों का मनोबल बढ़ता है।

उनका कहना था कि ऐसे मामलों में शीघ्र सुनवाई और कठोर दंड सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि समाज में भय का वातावरण अपराधियों के लिए बने और महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा मजबूत हो सके।

प्रदर्शन के दौरान संस्था ने हाल के विभिन्न राज्यों में सामने आए जघन्य अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए कानून को और प्रभावी बनाने की मांग की। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसे मामलों में न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की मांग के लिए न्यायालयों के बाहर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएं।

इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुशील लड्ढा, बल्लू गुप्ता, रोहित तिवारी तथा जीवनदान सेवा संस्था के महेंद्र लाल जंघेल, हरिश भानुशाली, चंदन साहू, यश साहू, राकेश साहू, अमर जंघेल, प्रवीण वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।