
राजनादगांव। जिले के सड़क चिरचारी के पास उस समय यातायात प्रभावित हो गया, जब ग्राम चारभाटा के ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर हाइवे पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों की मुख्य मांग ग्राम चारभाटा में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखा खोलने की है।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन से क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने की मांग की है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।

बैंक सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें अपने दैनिक बैंकिंग कार्यों के लिए करीब 50 किलोमीटर दूर राजनादगांव शहर जाना पड़ता है। इससे उनका समय और धन दोनों खर्च होते हैं, साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं और किसानों को विशेष रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र कृषि प्रधान है और अधिकांश लोग सहकारी बैंक से जुड़े हैं। फसल ऋण, खाते संबंधी कार्य, राशि जमा-निकासी और अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए दूर जाना पड़ता है। ऐसे में गांव में ही शाखा खुलना बेहद आवश्यक है।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मांग को उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। समझाइश के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त करते हुए सड़क से जाम हटा लिया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वे दोबारा उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।










































