राजनांदगांव: महाराष्ट्र निर्मित अवैध शराब बेचते युवक को गैंदाटोला पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल…

राजनांदगांव। गैंदाटोला थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र निर्मित अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जोशीलमती में एक व्यक्ति कचरा शेड के पास अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की और आरोपी विनय कोल्हे (23 वर्ष) निवासी ग्राम जोशीलमती को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 35 पौवा (180-180 एमएल) महाराष्ट्र निर्मित देशी शराब ‘प्रीमियम डीलक्स सुपर संत्रा’, कुल 6.300 लीटर शराब, जिसकी कीमत 3,150 रुपये तथा शराब बिक्री से प्राप्त 2,000 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए गए।

आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा सीएसपी श्रीमती मंजू लता बाज के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।