राजनांदगांव: महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित कानूनों पर रेंज स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला…

महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की विवेचना मे गुणवत्ता सुधार तथा प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव श्री बालाजी राव द्वारा रेंज के महिला विवेचकों एवं कर्मचारियों हेतु एक कार्यशाला का आयोजन कराया गया।


कार्यशाला में जिले के विभिन्न थाना एवं इकाइयों में पदस्थ महिला विवेचकों को महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध घटित अपराधों से संबंधित प्रकरणों की विवेचना में अपनाई जाने वाली विधिक प्रक्रियाओं, साक्ष्य संकलन, पीड़िता के प्रति संवेदनशील व्यवहार, चिकित्सकीय एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के महत्व तथा न्यायालयीन प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।


विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO) के महत्वपूर्ण प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए विवेचना में होने वाली सामान्य त्रुटियों एवं उनके निराकरण के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही विवेचकों को प्रकरणों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर दोषियों के विरुद्ध प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।


कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न प्रकरणों से संबंधित जिज्ञासाओं एवं व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की गई, जिनका विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया। पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे प्रकरणों में संवेदनशील, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने पर बल दिया।


कार्यक्रम में उपस्थित सभी विवेचकों ने कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए प्राप्त मार्गदर्शन को अपने दैनिक कार्य में लागू करने का संकल्प लिया।


प्रशिक्षण में श्री परवेज अख्तर अधिवक्ता राजनांदगांव, श्रीमती गौरी चक्रवर्ती अधिवक्ता दुर्ग, द्वारा महिला व और बच्चों से संबंधित अपराध एवं पोक्सो एक्ट की विवेचना के संबध में बताया, उपनिरीक्षक डॉक्टर संकल्प राय दुर्ग द्वारा महिला व बच्चो पर घटित साइबर अपराध के बारे में जानकारी देते हुए बचाव के उपाय बताए।


कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्री बालाजी राव पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज द्वारा ह्युमन ट्रैफिकिंग एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित जानकारी प्रदान दी गई।


कार्यक्रम में कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज से उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नवी मोनिका पांडे, एसडीओपी डोंगरगाँव श्रीमती मंजूलता बाज, एसडीओपी खैरागढ़ श्रीमति आशारानी, उप पुलिस अधीक्षक मोहला श्रीमती नेहा पवार सहित राजनांदगांव रेंज के चारों जिलों से 04 उपनिरीक्षक, 06 सहायक उप निरीक्षक, 12 प्रधान आरक्षक और 60 महिला आरक्षक कुल 85 महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों ने कार्यशाला में अपनी सहभागिता दी।