back to top

राजनांदगांव में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी पर बड़ी चोट, 41 किलो गांजा और पिकअप वाहन जब्त…

राजनांदगांव पुलिस और एनसीबी की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 41.195 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 20 लाख 59 हजार 750 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

Advertisements

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में साइबर सेल राजनांदगांव और पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली।

पुलिस को एनसीबी रायपुर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी-कोरापुट क्षेत्र से टाटा योद्धा पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा भरकर उत्तरप्रदेश के आगरा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे स्थित गुरुद्वारा चौक के पास संयुक्त टीम ने घेराबंदी की।

पुलिस की घेराबंदी देखकर संदिग्ध वाहन चालक ने पिकअप लगभग 300 मीटर पहले रोक दी। वाहन में सवार दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे।

वाहन की तलाशी लेने पर सीट के पीछे और नीचे छिपाकर रखे गए 36 पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें कुल 41.195 किलोग्राम गांजा मिला। इसके साथ ही वाहन से एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पुलिस ने गांजा, टाटा योद्धा पिकअप और मोबाइल फोन सहित कुल 28 लाख 65 हजार 750 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एनसीबी एवं राजनांदगांव पुलिस की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page