
राजनांदगांव। जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। शहर के स्टेशनपारा निवासी 24 वर्षीय युवक की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू के एक अन्य मरीज का शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में उपचार जारी है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार स्टेशनपारा निवासी 24 वर्षीय युवक को स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पहले से भर्ती स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है।
इधर, छुरिया क्षेत्र में भी कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है। छुरिया निवासी 34 वर्षीय युवक की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना संक्रमित मरीज को भी उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्वाइन फ्लू और कोविड के नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों की निगरानी और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।











































